हसनपुर-अतरासी मार्ग पर बाइक सवार अधिवक्ता विक्रांत त्यागी (42) और उनकी पत्नी अंशुल (40) को तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शवों पोस्टमार्टम को भेज दिया। देर शाम तक परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ा तगा में रिटायर्ड फौजी करन सिंह का परिवार रहता है। उनके बेटे विक्रांत त्यागी अधिवक्ता थे। वह कचहरी में प्रैक्टिस करते थे, जबकि आरटीओ ऑफिस के बाहर किराए की दुकान में भी बैठते थे। यहां विक्रांत त्यागी एआरटीओ विभाग से संबंधित काम निपटाते थे। विक्रांत त्यागी अपनी पत्नी अंशुल के साथ अमरोहा नगर के मोहल्ला आवास विकास में रहते थे। उनके तीन बच्चे अभिनव अंशिका और कार्तिक हैं। परिजनों के मुताबिक विक्रांत त्यागी की ससुराल हसनपुर के मोहल्ला मनापुर की है। मंगलवार को अधिवक्ता विक्रांत त्यागी के साले की पत्नी का निधन हो गया था। लिहाजा बुधवार को विक्रांत त्यागी अपनी पत्नी अंशुल के साथ हसनपुर गम में शामिल होने जा रहे थे।
दोनों एक बाइक पर सवार थे। हेलमेट भी लगा रखा था। जैसे ही उनकी बाइक अतरासी से हसनपुर के लिए निकली तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में विक्रांत त्यागी और उनकी पत्नी अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। कार को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
तीन बच्चों के सिर से उठा माता पिता का साया
अधिवक्ता विक्रांत त्यागी और उनकी पत्नी अंशुल की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। बेटा अभिनव, कार्तिक और बेटी अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों बच्चे अपने दादा करन सिंह से चिपक कर रोते दिखाई दिए।