उझारी(अमरोहा)। सैदनगली थाना क्षेत्र के कस्बा उझारी में समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ 20 लाख से अधिक रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने 40 से अधिक महिलाओं को पहले समूह के माध्यम से लोन दिलवाया और बाद में उनसे रुपये उधार ले लिए। हवाला दिया कि कुछ दिन बाद वह धनराशि ब्याज समेत लौटा देगी। बताया जा रहा है कि अब महिला पति संग मकान में ताला लगाकर फरार हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नगर के मोहल्ला कुम्हारान निवासी आरती पत्नी मुन्नन, शाइस्ता पत्नी खालिद, जावेद पत्नी फरजाना, हसीन पत्नी आकिल, कविता पत्नी कपिल का कहना है कि मोहल्ला मदरसा चौक निवासी महिला समूह से जुड़ी हुई है। कुछ समय बाद उसने उन्हें भी समूह में जोड़ लिया। उसके बाद अपनी मजबूरी दिखा कर उधार पैसे लेने की बात कही। जिस पर उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही। आरोपी महिला ने कहा कि समूह से लोन दिलवा दूंगी और वह पैसा मुझे दे देना। कुछ समय बाद रकम लौटा दी जाएगी। भोली भाली महिलाएं जालसाज महिला के झांसे में आ गईं। आरोप है कि जालसाज महिला ने दो अलग-अलग समूहों से पैसा निकलवा लिया। जिसमें नोशावा पत्नी अबरार 40 हजार, शहजादी पत्नी घसीटा 30 हजार, गुलिस्ता पत्नी शौकीन 50 हजार, मेहताब पत्नी मोबिन से 35 हजार, मेहसर पत्नी यूनुस से 30 हजार, चांदनी पत्नी साजिद से 30 हजार, शाइस्ता पत्नी खालिद से 80 हजार, फरजाना पत्नी जावेद से 50 हजार, हसीन बेगम पत्नी आकिल से 50 हजार, आरती पत्नी मुन्नन से 60 हजार, कविता पत्नी कपिल से 50 हजार, चांदनी पत्नी शकील से 40 हजार और जरीफन पत्नी अनीश से 80 हजार रुपए लेकर जालसाज महिला अपने घर पर ताला लगाकर पति के साथ फरार हो गई है। पीड़ित महिलाएं पुलिस से शिकायत करने की तैयारी कर रही हैं।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच पड़ताल के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मजदूरी करके घर चलाते हैं पीड़ित
ठगी की शिकार सभी महिलाएं पति मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करती हैं और इनके परिवार के पास कोई भी आय का साधन नहीं है। जिससे इनका परिवार चल सके जबकि लोन देने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने लोन वसूलने के लिए घरों पर तकाजा करना शुरू कर दिया है।