अमरोहा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की स्क्रीनिंग करते डॉक्टर।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। जनता कर्फ्यू को लेकर स्टेशन पर पसरे सन्नाटे के बीच रविवार को अवध असम एक्सप्रेस और आला हजरत एक्सप्रेस पहुंची। दोनों ट्रेनों के यात्रियों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थर्मल स्क्रिनिंग की। इसके बाद ही यात्रियों को प्लेटफार्म से बाहर निकलने दिया गया। वहीं, स्टेशन के जनरल और रिजर्वेशन काउंटर बंद रहे।
जनता कर्फ्यू को लेकर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहा। एक्सप्रेस ट्रेनों से लगाए सवारी गाड़ियां तक नहीं चलीं। सिर्फ उन ट्रेनों का ही संचालन आगे बढ़ाया गया जो ट्रेनें रास्ते में थी। वैसे तो अमरोहा स्टेशन पर अप डाउन मिलाकर 52 ट्रेनों रुकती है। रविवार को सिर्फ दो ट्रेनें ही अमरोहा पहुंची। डिब्रूगढ़ से लालगढ़ को जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस दोपहर 1.20 बजे पहुंची। अमरोहा स्टेशन पर उतरे इस ट्रेन के यात्रियों की थर्मल स्क्रिनिंग कराई गई। वहीं शाम साढ़े बजे के करीब भुज से बरेली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस पहुंची। अमरोहा उतरे इस ट्रेन के यात्रियों का भी थर्मल स्क्रिनिंग किया गया। इससे पहले लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस भी अमरोहा पहुंची। स्टेशन अधीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि रविवार को अवध असम और आला हजरत एक्सप्रेस अमरोहा आई। दोनों ट्रेनों से उतरे यात्रियों की थर्मल स्क्रिनिंग कराई गई।