अमरोहा। कोरोना आशंकित युवती के घर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें पहुंची। टीम ने युवती के परिजनों की थर्मल स्क्रीनिंग की। सभी सदस्य सामान्य मिले। बावजूद इसके सावधानी बरते हुए परिवार के छह सदस्यों को सर्विलांस पर रखा गया है। वहीं, सर्विलांस टीम ने युवती के घर के एक किलोमीटर के दायरे में सर्वे कर लोगों में बुखार और खांसी का पता लगाया। कोरोना आशंकित मरीज को लेकर लोग दहशत में हैं।
जिले के एक तहसील क्षेत्र की युवती सात मार्च को होली का त्योहार मनाने स्विटजरलैंड से अपने घर आई थी। यहां चार दिन पूर्व उसे जुकाम और खांसी की शिकायत हुई तो निजी चिकित्सक के यहां दवाई ली। मंगलवार शाम को कोरोनो से जुड़े लक्षण सामने आने पर उसे जिला अस्पताल के विशेष वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद डाक्टरों की टीम रात में युवती के घर पहुंच गई। परिवार के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई, जो सामान्य रही। वहीं, बुधवार को सीएमओ डॉ. मेघ सिंह और जिला संचारी रोग अधिकारी डॉ. विनोद कुमार की टीम ने अलग-अलग परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अभी तक परिवार के लोगों की हालत सामान्य बताई जा रही है। किसी में आशंकित लक्षण नहीं मिले हैं। चिकित्सकों का कहना है कि युवती जितने लोगों के संपर्क में आई थी, सभी की जानकारी की जा रही है। इसके अलावा सर्विलांस टीम ने युवती के घर के एक किलोमीटर के दायरे में सर्वे कराया। लोगों में खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी का पता लगाया गया।