गजरौला (अमरोहा)। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए स्वास्थ्य महकमे ने कनाडा से लौटीं परवीन देवी की स्क्रीनिंग कराई। इनके अलावा सिंगापुर से आई महिला के स्वास्थ्य की जांच भी की गई। सीएचसी अधीक्षक के मुताबिक दोनों की जांच नेगेटिव आई है। इनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले। इसके बावजूद इन्हें 14 दिनों तक घर में ही रहने और बाहर नहीं निकलने के साथ ही सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
रविवार को धर्म उपदेशक की बहन के लौटने की खबर प्रकाशित हुई थी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अफसरों ने इस पर संज्ञान लिया। बताते हैं कि डीएम उमेश मिश्र ने इस संबंध में सीएमओ डा. मेघ सिंह से बात की और इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह टीम के साथ मोहल्ला लक्ष्मी नगर में जा पहुंचे। कनाडा से लौटीं परवीन देवी की जांच की। इनके अलावा नगर के मोहल्ला बस्ती अवंतिका नगर में एक पेस्टीसाइड फैक्टरी के संचालक की पत्नी भी 18 मार्च को सिंगापुर से दो माह बाद लौटी हैं। वह वहां अपनी रिश्तेदारी में गई थीं। रविवार को सीएचसी की टीम ने उनकी भी स्केनिंग की। केंद्र अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ही महिलाओं में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं। फिर भी उन्हें 14 दिनों तक घर में ही रहने की हिदायत दी गई है।