अमरोहा/हसनपुर/गजरौला/रहरा। कोरोना टीकाकरण के लेकर सोमवार को जिला अस्पताल सहित 26 स्थानों पर दूसरा पूर्वाभ्यास कराया गया। सभी बूथों पर पंद्रह-पंद्रह लोग पहुंचे। सुबह दस बजे से बारह बजे तक बूथों पर लाभार्थियों की लाइन लगी रही। इसके बाद अधिकतर बूथों पर सन्नाटा पसर गया। करीब एक बजे तक ड्राई रन की प्रक्रिया चली। डीएम और सीएमओ पूर्वाभ्यास की गतिविधियां परखने बूथों पर पहुंचे। यहां अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हर बूथ पर पुलिस कर्मी मुस्तैद दिखे। नोडल अधिकारियों ने वैक्सीन को कोल्ड चेन प्वाइंट से टीकाकरण स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था परखी। वैक्सीनेशन अभ्यास के दौरान अधिकारी-कर्मचारी सरकार के निर्देशों का पालन करते दिखे।
कोविड-19 टीकाकरण के लिए सोमवार को दूसरा पूर्वाभ्यास किया गया। जिला अस्पताल सहित जिलेभर में 26 बूथों पर नोडल अधिकारी की निगरानी में वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास हुआ। सीएमओ डा. सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि जिला अस्पाताल के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, रहरा और जोया, मुन्नी देवी और गजरौला में बूथ बनाए गया थे। प्रत्येक बूथ पर तीन कमरे और छह कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। पहले कमरे में वेटिंग, दूसरे कमरे में टीकाकरण और तीसरे कमरे में टीका लगने के बाद लाभार्थी की निगरानी की गई। वैक्सीन लगवाने के लिए जिन लोगों का पंजीकरण कराया गया था। उन्हीं का डमी टीकाकरण किया गया है। पूर्वाभ्यास में प्रत्येक बूथ पर 15-15 पंजीकृत कर्मचारियों को बुलाकर उन पर वैक्सीनेशन का अभ्यास कराया गया। सभी बूथों पर 390 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण हुआ है। साथ ही वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित तापमान की जांच और वैक्सीन को एक से दूसरी जगह ले जाने की तैयारियों का आंकलन किया। साथ ही टीका लगाने के बाद लाभार्थी को ऑब्जर्वेशन कक्ष में 30 मिनट तक रखने और कोई दुष्प्रभाव के संकेत नहीं मिलने के बाद घर भेजा गया है।