मंडी धनौरा(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो युवकों की कोरोना जांच पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। दोनों युवक बीती 14 मई की रात को मुंबई से यहां पहुंचे थे और फिलहाल बछरायूं में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में भर्ती थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों युवकों को क्वारंटीन सेंटर से आइसोलेेशन वार्ड में ले जाने की तैयारी में जुटी हुई है।
प्रवासी मजदूरों के आने के साथ कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने की आशंका सही साबित होने लगी है। क्षेत्र के एक गांव निवासी दो युवक मुंबई में रहकर वहां नौकरी करते थे। लॉकडाउन बढ़ने पर वे दोनों बीती 14 मई की रात को आए थे। प्रशासन ने उनको बछरायूं के राजकीय बालिका छात्रावास में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा था। उनकी कोरोना जांच कराई गई थी। बुुधवार को दोनों युवकों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों युवकों के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर उनको क्वारंटीन सेंटर से अलग कर दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. अमोल सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को आइसोलेशन वार्ड में ले जाने की तैयारी की जा रही है।
क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का यह छठा केस है
मंडी धनौरा/बछरायूं। कोरोना संक्रमण का क्षेत्र में यह छठा केस है। बीती 27 अप्रैल को कस्बा बछरायूं के एक मुहल्ला निवासी एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया था। उसके कुछ दिन बाद उसके परिवार के दो अन्य सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला भी मेरठ के एक निजी अस्पताल द्वारा कराई गई कोरोना जांच में पॉजिटिव पाई गई थी। हालांकि महिला की मौत हो चुकी है। अब इन दो युवकों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद रोगियों की संख्या छह हो गई है। अभी तक यह क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचा हुआ था।