मंडी धनौरा। अपनी लाडली बेटी को डोली में बिठाने से दो दिन पहले ही एक पिता ने इस संसार को अलविदा कह दिया। पिता की नोएडा के एक अस्पताल में गुरुवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। पिता की चिता को एक रिश्तेदार ने मुखाग्नि दी। यह मामला नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति का है।
मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने अपनी छोटी बेटी का रिश्ता सहारनपुर से तय किया था। 26 अप्रैल को उसकी बारात आनी थी। लेकिन बीते रविवार को वह कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के बावजूद रिश्तेदारों ने उनका अच्छे से इलाज कराया। उनको नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। पिता की मौत की जानकारी मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बड़ी बेटी विदेेश में रहकर नौकरी करती है। जबकि छोटी बेटी अपनी शादी की तैयारियों मेें जुटी हुई थी। छोटी बेटी का विवाह फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। संवाद