अमरोहा में शनिवार को मुख्य बाजार में खुली दुकाने।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। अब कोरोना संक्रमित सेवानिवृत्त शिक्षिका की टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि अधिवक्ता, स्वास्थ्य और तहसील कर्मचारी सहित 56 लोग कोरोना संक्रमित मिले है। लगातार संक्रमण फैलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 2647 पहुंच गई है। जबकि 297 केस एक्टिव चल रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने के बाद 36 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अबतक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को सरकारी लैब से प्रतीक्षारत 418 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इसमें 36 लोग संक्रमित निकले। वहीं जिलेभर में एंटीजन किट और ट्रूनेट मशीन से 1306 लोगों की जांच कराई गई। इसमें 20 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमितों मरीजों में हाईवे स्थित एक फैक्टरी कर्मचारी, कलक्ट्रेट में अधिवक्ता, स्वास्थ्य और तहसील कर्मचारी शामिल है। वहीं 24 सितंबर को संक्रमित पाई गईं 80 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका की टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चिकित्सकों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया जिलेभर में कोरोना के 56 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2647 पहुंच गई है। कुल 297 केस एक्टिव चल रहे हैं। वहीं स्वस्थ होने के बाद 36 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 38 पहुंच गया है।