अमरोहा। जिले में कोरोना के 20 नए केस मिले हैं। कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के एक करीबी समेत 20 लोग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कैबिनेट मंत्री के संक्रमित होने पर उनके करीबियों और भाजपाइयों ने अपना सैंपल कराया था। अन्य संक्रमितों में नौ लोग पॉजिटिव केस के संपर्क वाले ही शामिल हैं। 20 नए मरीज मिलने से जिले में मरीजों की संख्या 286 हो गई है।
सैंपलिंग की रफ्तार बढ़ी है तो संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिले में रोजाना पॉजिटिव केस मिलने लगे हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में 20 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें पांच लोग निजी लैब की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। 20 संक्रमितों में एक मरीज कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का करीबी बताया जाता है। कैबिनेट मंत्री के पॉजिटिव होने उनके करीबी ने जांच कराई थी। अन्य नौ संक्रमित पॉजिटिव केस के क्लोज कांटेक्ट वाले हैं। इसमें आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की मकान मालिक की पत्नी भी शामिल हैं। वहीं जिले के मिठाई कारोबारी के परिवार की महिला भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा संक्रमितों में प्राइवेट फैक्टरी के दो कर्मचारी, कपड़े की दुकान पर काम करने वाला सेल्समैन, प्राइवेट अस्पताल की स्वास्थ्य कर्मी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी पॉजिटिव को कोविड हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 286 पहुंच गई है।