पशुओं कटान कर मांस की तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार
मौके पर पिकअप में बारह क्विंटल मांस और कटान के उपकरण बरामद
मांस खरीदने-बेचने से संबंधित बिल मांगने पर नहीं दिखा सके आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। पशुओं का अवैध कटान कर मांस की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पिकअप बरामद हुई। जिसमें बारह क्विंटल मांस और कटान के उपकरण मिले हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया।
गुरुवार की सुबह करीब छह बजे इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह मय पुलिस बल के साथ नौगांवा सादात रोड पर लकड़ा चौराहे के निकट गश्त कर रहे थे। तभी उन्होंने नौगांवा सादात की तरफ से आते एक पिकअप को चेकिंग के उद्देश्य से रोक लिया। पुलिस को देखकर पिकअप सवार तीन युवक कूदकर भागने लगे। यह देखकर पुलिस को शक हो गया। आनन-फानन में पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप को चेक किया तो उसमें पशु का मांस भरा हुआ था। मांस खरीदने-बेचने से संबंधित बिल मांगे तो आरोपी नहीं दिखा सके। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम दाउद, तैय्यब और जावेद निवासी अमरोहा बताया। पुलिस आरोपियों को कोतवाली ले आई। पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर मांस की जांच कराई गई। जिसमें भैंस और कटरे के मांस होने की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर के मुताबिक तीनों आरोपी मांस तस्कर हैं। जो पशुओं का अवैध कटान कर सप्लाई करते हैं। आरोपियों ने पशुओं का कटान कहां किया और मांस की सप्लाई कहां-कहां करते हैं इसकी जांच की जा रही है।