अमरोहा। वायरस कोविड -19 से लड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। कोरोना के मरीजों जो कि आयुष्मान योजना के लाभार्थी के लिए उपचार की दरों की घोषणा कर दी है। जनरल वार्ड (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रति दिन 1800 रुपये खर्च होंगे। हाईडिपेंसी यूनिट (आइसोलेशन) में भर्ती संक्रमित मरीजों पर प्रतिदिन 2700 रुपये, आईसीयू (वेंटीलेटर रहित) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर प्रतिदिन 3600 रुपये और आईसीयू (वेंटीलेटर सहित) में भर्ती संक्रमित व्यक्तियों पर 4500 रुपये प्रतिदिन खर्च करने का प्रावधान किया गया है।
नोडल अधिकारी/ एसीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी ने बताया कि जिले में लौट रहे प्रवासी जो आयुष्मान भारत योजना के कार्डधारक हैं। उनके लिए शासन स्तर से उपचार की दरों का निर्धारण कर दिया गया है। जिले में कुछ चिकित्सालयों को कोविड-19 समर्पित चिकित्सालय घोषित किया गया है। इसके साथ ही आयुष्मान योजना के अंतर्गत उन्हीं का उपचार किया जा सकता है ,जो गोल्डन कार्डधारक हैं। यदि योजना अंतर्गत चिह्नित लाभार्थी का गोल्डन कार्ड नहीं बना है, तो आरोग्य मित्र के माध्यम से संबंधित महिला/पुरुष का गोल्डन कार्ड बनवा कर उपचार कराना सुनिश्चित किया जाएगा। कोविड-19 के संक्रमण के चलते वर्तमान में योजनांतर्गत उपचार प्रदान करने के लिए टीएमएस में बायोमैट्रिक की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। तय दर से प्रतिदिन के हिसाब से संबंधित केंद्र पर ही भुगतान किया जाएगा। जिले में जिन चिकित्सालयों में कोरोना के मरीज भर्ती हैं, उनमें आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का उपचार तय दर पर ही किया जाएगा।