अमरोहा। वर्ष 1977 में आई बॉलीवुड मूवी आपकी खातिर का मशहूर गाना, बंबई से आया मेरा दोस्त, दोस्त को सलाम करो, रात को खाओ पीओ, दिन को आराम करो...। लेकिन आप मुंबई से आए अपने दोस्तों के साथ ऐसा मत करना। बल्कि बाहर से आए इन दोस्तों से सावधान रहिए। वजह साफ है, जिले में छह दिनों में मिले सात कोरोना संक्रमितों में से छह मुंबई से लौटने वाले हैं। ऐसे में मुंबई से आए दोस्तों से सावधान रहें। खुद सोशल डिस्टेंस का पालन करे और उन्हें पालन कराएं। वरना अमरोहा में भी पूर्वांचल के जिलों जैसा कोरोना बम फूट सकता है।
कोरोना मुक्त की ओर आगे बढ़ते अमरोहा की राह में महानगरों से लौटे प्रवासी मजदूरों ने मुश्किल पैदा कर दिया है। मंगलवार तक शाम तक अमरोहा संक्रमित मरीजों की रिकवरी में दूसरे स्थान पर था। जिले के कोरोना पॉजिटिव 88 फीसदी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। सिर्फ तीन केस ही एक्टिव थे। लेकिन छह दिनों के भीतर सात संक्रमित मरीज सामने आ गए। इसमें पिछले दो दिनों में छह मरीज मिले हैं। संक्रमित मरीजों में छह मुंबई से लौटे हैं। जबकि एक दिल्ली से आया है। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली समेत दूसरे प्रदेशों से प्रवासी मजदूर गांव-गांव पहुंच चुके हैं। ऐसे में प्रवासी मजदूरों के घर लौटने से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। दूसरी ओर लोग लॉकडाउन-4 मिल रही रियायतों को लेकर कोरोना को हल्के में लेना शुरू कर दिया है। जबकि अब अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। वरना अपना जिला भी पूर्वांचल के जिलों की राह पर चल पड़ेगा। पूर्वांचल के जिलों में मुंबई गुजरात से लौटे प्रवासी मजदूर बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। अमरोहा में पूर्वांचल जैसे हालात बनने से रोकिए।
दूसरे राज्यों से आए मजदूरों की ट्रैकिंग में हो रही मुश्किल
अमरोहा। बसों और ट्रेनों से आने वाले दूसरे राज्यों के श्रमिकों को आसानी से ट्रैक कर लिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनपर नजर रख रही है। लेकिन जो पैदल या दूसरे साधनों से गांवों में पहुंच रहे उन्हें ट्रैक करने में परेशानी हो रही है।
170 प्रवासी मजदूरों का कराया गया सैंपल
अमरोहा। बुधवार तक जिले में 170 प्रवासी मजदूरों का सैंपल कराया जा चुका है। ये सभी मुंबई और दिल्ली से आने वाले मजदूर है। इसमें सात कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बाराबंकी और बस्ती में फूटा कोरोना बम
अमरोहा। बाराबंकी और बस्ती जिले में कोरोना बम फूटा है। बुधवार को बाराबंकी में 95 नए कोरोना पाजिटिव केस मिले। वहीं मंगलवार को बस्ती में 50 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए है। ये सभी कोरोना संक्रमित प्रवासी मजदूर हैं।