अमरोहा/बछरायूं। जिले के कोरोना संक्रमितों की संख्या में दो लोगों की वृद्धि हुई है। शनिवार को अस्सी सैंपलों की आई रिपोर्ट में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दोनों का 28 अप्रैल को सैंपल कराया गया था। दोनों जिले के एक कोरोना संक्रमित के क्लोज कांटेक्ट में थे। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 29 हो गई है। अभी भी 104 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
सोमवार की शाम कस्बे के एक मुहल्ला निवासी युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह युवक बीती नौ अप्रैल से गजरौला के एक क्वारंटीन सेंटर में था। 27 अप्रैल को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। कोरोना संक्रमण की जानकारी मिलने पर सारे इलाके को सील कर दिया गया था और युवक के परिवार के 24 सदस्यों को कस्बे में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। यह दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के परिजन हैं और फिलहाल बछरायूं कस्बे के राजकीय बालिका छात्रावास में क्वारंटीन थे। 28 अप्रैल को दोनों के संपर्क वालों और देवबंद से लौटे 19 छात्रों समेत 80 लोगों का सैंपल कराया गया। शनिवार को इन अस्सी सैंपलों की रिपोर्ट आ गई। इसमें दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जबकि देवबंद से लौटे छात्रों समेत 78 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही। दोनों संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन से मुरादाबाद भेज दिया गया है। इसके साथ ही संक्रमित मरीजों की संख्या 29 हो गई है। हालांकि 12 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं अभी भी 104 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।