हसनपुर कोतवाली में कोरोना से बचाव को लेकर बैठक बोलते चिकित्साधीक्षक डा.अमित भरू।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर(अमरोहा)। पुलिस ने थाने में कोरोना से बचाव के लिए शहर एवं आसपास क्षेत्र के धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। बताया गया कि धार्मिक स्थल पर कोई भी आयोजन ऐसा न करें, जिसमें भीड़ जुटे। भीड़ से बचें। इसमें पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। जुमे की नमाज पर भीड़ एकत्र न करने की अपील की गई।
गुरुवार को थाने में आयोजित बैठक में एसडीएम विजय शंकर ने कहा कि कोरोना से बचाव ही इसका एकमात्र उपचार है। यदि जागरूक होकर बचाव नहीं करेंगे तो ऐसा नुकसान हो सकता है। जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती है। कहा कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी आयोजन में भीड़ न जुटाई जाए। यदि लोग एकत्र होकर आते हैं, तो उन्हें समझाया जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डॉ. अमित भरू ने भी कोरोनो से बचाव के बारे में जागरूक किया। बताया कि हाथों को दिन में पांच से अधिक बार साबुन से साफ करें। भीड़ में यदि जाना पड़ जाए तो बिना मास्क के न जाएं। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। इस दौरान बचाव को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। इस मौके पर सीओ कुलदीप कुकरेती, प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा, एसएआई वेद सिंह, एसआई मनोज कुमार आदि रहे।