मंडी धनौरा(अमरोहा)। नामकरण संस्कार की दावत गांव के लोगों को महंगी पड़ रही है। शनिवार को एंटीजन टेस्ट में दावत में शामिल और 17 लोग कोरोना संक्रमित मिले। बीते तीन दिन में 34 लोग कोरोना के शिकार हुए। बुधवार को हुई दावत में बाहर से आए एक युवक के शामिल होने के बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने परिवारों का रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया, जिसमें 13 लोग, दूसरे दिन चार और अब 17 पॉजिटिव निकले। कोरोना संक्रमित लोगों को आइसोलेशन में भेजने की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग अब इस गांव में घर घर जाकर टेस्ट करने की तैयारी कर रहा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते बुधवार को एक व्यक्ति ने अपने बच्चे के नामकरण संस्कार की दावत दी थी। दावत में शामिल होने के लिए एक युवक बाहर से आया था। युवक के बाहर आने की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को उसके साथ दावत में शामिल लोगों की भी कोरोना जांच कराई थी। जांच में एक ही परिवार के 11 सदस्यों समेत 13 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। शु्क्रवार को इस परिवार के चार अन्य सदस्य कोरोना पॉजिटिव आए थे। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने दावत में शामिल अन्य ग्रामीणों की कोरोना जांच कराई तो 17 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस गांव में बीते तीन दिन में कुल 34 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। गांव में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित लोगों के पाए जाने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप की स्थिति है। चिकित्साधीक्षक डा. अमोल सिंह का कहना है कि ग्राम प्रधान से मिलकर घर घर जाकर लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी।