हसनपुर(अमरोहा)। औद्योगिक गलियारे के लिए चिह्नित भूमि पर शेड निर्माण शुरू होने पर हंगामा हो गया। तहसीलदार ने निर्माण रुकवाया तो किसान एकत्र हो गए और नोकझोंक हुई। फिलहाल काम रुकवा दिया गया है। किसानों ने सर्किल रेट बढ़ाए बिना जमीन न देने की चेतावनी दी है।
गांव मंगरौला में गंगा एक्सप्रेसवे के पास 2200 बीघा भूमि चिह्नित है। 62 प्रतिशत भूमि का बैनामा हो चुका है, जबकि 38 प्रतिशत किसान सर्किल रेट बढ़ाने की मांग पर अड़े हैं।
रविवार को किसान विजेंद्र सिंह चिह्नित भूमि पर शेड बना रहे थे। सूचना पर नायब तहसीलदार मनोज कुमार और राजस्व टीम पहुंची। विरोध के बीच तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने निर्माण रुकवाया।
भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिग्विजय भाटी ने सस्ते रेट पर जमीन खरीदने का आरोप लगाते हुए दबाव बनाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। तहसीलदार ने कहा कि चिह्नित भूमि पर निर्माण नहीं किया जा सकता।
200 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि खरीदने की योजना
2200 बीघा में से 62 प्रतिशत भूमि का बैनामा हो चुका है। 38 प्रतिशत किसान सर्किल रेट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। शासन ने अतिरिक्त 200 हेक्टेयर भूमि खरीदने की योजना बनाई है। इसके तहत मंगरौला, रूस्तमपुर, गांगटकोला, दौलतपुर, हाकमपुर, ढकिया, गंगवार, पतेई खादर, जयतरोली, शकरगढ़ी और बुरावली मटीपुरा क्षेत्र में भूमि चिह्नित की जा रही है।