क्षेत्र के सिहाली जागीर में करीब चार साल से पानी की टंकी का निर्माण कार्य बजट के अभाव में अधर में लटका पड़ा है। दो करोड़ से काम किया जा चुका है लेकिन बाकी दो करोड़ की रकम नहीं मिलने से कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
जल निगम की जिम्मेदारी लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की है। इसी दिशा में गांवों में पेयजल की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2014-15 में तत्कालीन जिलाधिकारी भवनाथ सिंह द्वारा गांव सिहाली जागीर में ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू कराया था। प्रथम किश्त के रूप में करीब दो करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई थी। जिससे टंकी का निर्माण एवं पाइपलाइन बिछाने का कुछ काम हो गया। करीब चार साल से धनराशि के अभाव में कार्य अधर में लटका हुआ है। तब से लेकर अब तक कई जिलाधिकारी बदल गए। जलनिगम के अधिकारियों ने समय-समय पर धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा सका। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत सिहाली जागीर में करीब सात हजार मतदाता हैं और करीब पंद्रह हजार से अधिक की आबादी है। लेकिन सरकार की अनदेखी की वजह से गांव में लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया नहीं हो पा रहा। ग्रामीण दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण भी कई बार उच्चाधिकारियों से पानी की टंकी का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे चालू कराने की मांग कर चुके हैं। लेकिन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
कई सालों से पानी की टंकी का निर्माण कार्य रुका हुआ है। जिसकी वजह से शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।-असलम खान, ग्रामीण सिहाली जागीर
गांव में ज्यादातर नल दूषित पानी दे रहे हैं। लोगों को कई सालों से उम्मीद थी कि पानी की टंकी चालू हो जाएगी। लेकिन आज तक पानी की टंकी चालू नहीं हो पाई है।-यासीन खान, ग्रामीण सिहाली जागीर
कई बार उच्चाधिकारियों एवं ठेकेदार से इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं लेकिन बजट के अभाव में यह पूरी नहीं हो पा रही है। जिससे ग्रामीणों में काफी निराशा है।-इकराम चौधरी, ग्राम प्रधान सिहाली जागीर
घरों में पानी पहुंचाने के लिए रास्तों में पाइपलाइन बिछाई गई है। लेकिन आजतक घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची है। जिससे ग्रामीण परेशान हैं।-सरताज खान, ग्रामीण सिहाली जागीर
पानी की टंकी का निर्माण कार्य बजट के अभाव में पूरा नहीं हो पा रहा है। बजट के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर मांग की जा चुकी है। जैसे ही धनराशि मिलेगी। काम पूरा कराया जाएगा। -जी सिंह, सहायक अभियंता जल निगम अमरोहा