अमरोहा। जनपद आठ जून से आयोजित होने वाली तीन दिवसीय सिपाही भर्ती परीक्षा में दस केंद्रों पर 28224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 4704 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे।
प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त करते हुए डिजिटल पहचान सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत अभ्यर्थियों, कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का बायोमेट्रिक या ओटीपी आधारित सत्यापन किया जाएगा। बिना पूर्ण सत्यापन किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, जिससे प्रवेश से पहले सभी जांच प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें। साथ ही सभी अभ्यर्थियों को वैध पहचान पत्र और उससे लिंक सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा के लिए जिले में कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज (ब्लॉक ए व बी), भगवत सरन इंटर कॉलेज जोया और सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर शामिल हैं। सभी केंद्रों को 10 किलोमीटर के दायरे में रखा गया है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। एएसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।