अमरोहा। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, महंगाई, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अमरोहा ने सोमवार को विशाल विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे जिला कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही किसानों को खाद, बिजली और अन्य जरूरी संसाधनों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। महंगाई के चलते आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है।
जिला अध्यक्ष ओमकार कटारिया ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में प्रदेश की कानून व्यवस्था को तुरंत सुधारने, डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस पर लगाए गए टैक्स हटाने, किसानों को पर्याप्त डीएपी-यूरिया खाद और बिजली उपलब्ध कराने, गौशालाओं की स्थिति सुधारने तथा पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार और किसानों को अधिकार दिलाने की लड़ाई कांग्रेस लगातार लड़ती रहेगी। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।