हसनपुर। गर्मियों की दस्तक के साथ ही क्षेत्र में बिजली विभाग की बदइंतजामी सामने आने लगी है। हसनपुर क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में इन दिनों ओवरलोडिंग और अघोषित बिजली कटौती के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर में शनिवार रात करीब 10 बजे बैंक के पास स्थित एक विद्युत ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की वजह से धू-धू कर जल उठा। ग्रामीणों के मुताबिक, लोड अधिक होने के कारण अचानक ट्रांसफार्मर तेजी से जल उठा और उससे निकला। खौलता हुआ तेल नीचे जमीन पर फैल गया। देखते ही देखते नीचे भी भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय बिजलीघर को फोन कर लाइन कटवाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना के बाद से गांव के करीब 25 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
उधर, ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ हसनपुर कस्बे की स्थिति भी बदतर बनी हुई है। कस्बे में शनिवार की पूरी रात रुक-रुक कर कई घंटों की अघोषित कटौती की गई। भीषण गर्मी के बीच बार-बार जा रही बिजली और गंभीर लो-वोल्टेज की समस्या के कारण लोग रात भर सो नहीं सके। रविवार को दिनभर भी यही सिलसिला जारी रहा, जिससे न सिर्फ लोगों के घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया, बल्कि स्थानीय व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से जर्जर तारों को बदलने, सिहाली जागीर में जल्द नया ट्रांसफार्मर रखवाने और कस्बे में सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।