डीएम वेदप्रकाश ने कलक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु, कानून-सुरक्षा व्यवस्था समिति और व्यापार बंधुओं की बैठक ली। इस दौरान व्यापारियों आए दिन होने वाली लूट और चोरी की वारदातों के मुद्दे को उठाया। डीएम ने समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
व्यापार बंधुओं ने अमरोहा में चरमराई कानून व्यवस्था की शिकायत, होने वाली चोरी एवं लूट-पाट की घटनाओं के खुलासे की मांग पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि वे शीघ्र होने वाली घटनाओं का खुलासा करें और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए प्रभावी कदम उठाए। बुनकरों को आवश्यक सुविधाओं की मांग पर डीएम ने हथकरघा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुनकर कलस्टर बनाने के संबंध में उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र ने बताया कि हथकरघा उद्योग से डीपीआर प्राप्त हो गई है, शीघ्र ही प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। उद्योग बंधु की बैठक में भाकियू ने बगद नदी के पास के गांवों में प्रदूषित जल की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित इकाइयों एवं जल निगम को गांवों में अधिक गहराई में हैंडपम्प लगाने एवं गांवों में मैडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि वे जब गांव में जांच के लिए जाए तो शिकायतकर्ता भाकियू के किसी पदाधिकारी को साथ में लेकर जाएं। व्यापार बंधुओं की कूड़े के सड़कों पर बिखरे होने, मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए दवाई का छिड़काव न होने और चोरी एवं लूट-पाट की होने वाली घटनाओं के खुलासे न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इन शिकायतों का निस्तारण दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र के अनुज कुमार, डीडी ग्रामीण विकास मदन, अपर मुख्य अधिकारी तपेश वर्मा, कोतवाल, उपायुक्त वाणिज्य कर, वलिराम, अधिशासी अभियंता विद्युत, हथकरघा विभाग, पुलिस आदि मौजूद रहे।