अमरोहा। समीक्षा व सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी व नकलविहीन आयोजित होगी। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई को जिलेभर में 24 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी जिसमें 10872 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
कलक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि हर परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का ठीक ढंग से निवर्हन करें। परीक्षा की सुचिता भंग होने पर कार्रवाई को भी तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि जिले में काफी संख्या में अभ्यर्थियों की आवाजाही रहेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में महिला अभ्यर्थी भी शामिल होंगी, उन्होंने उनकी सुरक्षा के लिये विशेष प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें। बीडीओ और ईओ अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई समय रहते करा लें।
एडीएम वित्त एवं राजस्व व परीक्षा के नोडल अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 24 केंद्रों पर आयोजित होगी। जिसमें 10,872 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन सुबह 9ः30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। बैठक में सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह, डीडीओ सरिता द्विवेदी, डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक राव गौतम, लोक सेवा आयोग के सदस्य हरीश मौर्य एवं सुनील कुमार, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक शामिल रहे।