गजरौला (अमरोहा)। पालिका सभागार में पूर्व विधायक हरपाल सिंह और सभासद के साथ मारपीट के मामले की सीओ ने जांच शुरू कर दी है। सभासदों और पूर्व विधायक के बयान दर्ज किए। सीओ ने घटना स्थल का भी मौका मुआयना किया।
पालिका सभागार में 25 सितंबर को खासा बखेड़ा खड़ा हो गया था। पालिका बोर्ड की बैठक में महिला सभासद अंशु द्वारा पूर्व विधायक हरपाल सिंह के साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने जबकि एक अन्य युवक द्वारा भानपुर के सभासद कपिल सिंह के साथ मारपीट करने से माहौल गर्मा गया था। रास्ते में कुछ सभासदों ने एक अन्य सभासद के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज कीं। एक रिपोर्ट पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने दर्ज कराई। उन्होंने अंशु चौधरी, पुष्पा चौधरी, मनु शर्मा, कपिल चौधरी, अरविंद यादव और विनीता अग्रवाल, विजेंद्रपाल, अशोक चौधरी उर्फ दिले, अमित चौधरी, देवेश शर्मा, अनिल अग्रवाल को नामजद कराया। जबकि दूसरी तरफ से कपिल सिंह ने पूर्व विधायक हरपाल सिंह, अमित व अजय और 20 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जबकि अंशु ने पूर्व विधायक, अमित और अजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। विवेचक सीओ अंजलि कटारिया ने इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सभासद, सभासद पतियों, पूर्व विधायक के बयान दर्ज किए। घटना स्थल का मुआयना किया। पालिका सभागार के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। सीओ ने बताया कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है। बयान दर्ज कर लिए गए हैं।