मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बृहस्पतिवार को अमरोहा आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीएम चार चक्र के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। सुरक्षा में करीब 25 एनएसजी कमांडो लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस कर्मी भी लगाए जाएंगे। आसपास की छत पर नजर रखी जाएगी। हसनपुर से सैदनगली और मेहंदीपुर तक चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। वहीं बुधवार को लखनऊ से एनएसजी कमांडो और एटीएस की टीम अमरोहा पहुंच जाएगी। गैर जनपदों से पहुंचने वाली अतिरिक्त फोर्स को दोपहर बाद उनकी ड्यूटी के बारे में समझाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ दलित बाहुल्य गांव मेहंदीपुर में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनेंगे। इससे पहले हसनपुर के नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित करने के अलावा नगर पालिका सभागार में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं प्रदेश के मुखिया के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है। विभाग की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के सुरक्षा में तैनात एनएसजी के कमांडों के अलावा चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस फोर्स और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। पब्लिक के बीच शराती तत्वों पर नजर बनाए रखने के सादे कपड़ों में फोर्स रहेगा। इतना ही नहीं पुलिस प्रोटोकॉल क़ो लेकर बेहद गंभीर हैं। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सीएम की सुरक्षा को लेकर एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया। सूची के आधार पर ही माननीय को मंच से रहने की अनुमति दी जाएगी, अन्यथा किसी को भी आस-पास भटकने नहीं दिया जाएगा।