अमरोहा। देहात थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर सड़क हादसे में कक्षा नौ के छात्र अक्षय कुमार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अक्ष्या अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से कैलसा बाजार जा रहे थे। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। वहीं पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक अक्षय कुमार गांव उमरपुर निवासी संजीव कुमार के बेटे थे। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार को संजीव कुमार अपने पुत्र अक्षय कुमार के साथ मोटरसाइकिल से कैलसा बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वह अदलपुर ताज के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही डीसीएम के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीव कुमार उछलकर दूर जा गिरे और उन्हें भी चोटें आईं। इस दौरान अक्षय कुमार डीसीएम के सामने आ गया और पहिया उतरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक अक्षय दो भाइयों में बड़ा था। परिवार में उसकी मां गृहिणी हैं, जबकि पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक होने के साथ-साथ गांव में लाइब्रेरी भी चलाते हैं।