उसके चेहरे पर सफेद दाग थे। इसलिए नौकरी से निकाल दिया। कहीं काम नहीं मिला तो अपराध की दुनिया में उतर गया। आस पड़ोस के गांवों में चोरी करने लगा। मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े बांसखेड़ी निवासी युवक ने क्षेत्र के गांवों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है।
सीओ सिटी शील कुमार ने प्रेसवार्ता कर युवक द्वारा की गईं चोरियों का खुलासा किया। सोमवार को सीओ सिटी शील कुमार ने नौगावां सादात थाना परिसर में मीडियाकर्मियों के सामने चोरियों का खुलासा करते हुए कहा कि एसओ उपेंद्र यादव के नेतृत्व में थाना पुलिस ने नौगावां तगा मोड़ से मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पकड़ा है। यह इसी थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी गांव का शेखर है।
इसने बताया है कि यह दिल्ली समेत कई शहरों में नौकरी करने गया, मगर इसके चेहरे पर सफेद दाग होने के कारण कोई भी नहीं रखता था। निराश होकर इसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। आसपास चोरियां करने लगा। 16 को नौगावां तगा में राहुल के घर तथा 28 अगस्त को जाजरू गांव में लाखन के घर इसने चोरी करना कबूल किया है।
राहुल के घर से चोरी किया गया गले का सेट, माथे का टीका, सोने के कुंडल, पांच कारतूस, मोबाइल, अंगूठी तथा लाखन के घर से गईं चार चूड़ी सोने की, एक जोड़ी सोने के कुंडल, पायजेब आदि बरामद किए हैं। सीओ के अनुसार शेखर शातिर चोर है। जो अपने आसपास के गांवों में घटनाओं को अंजाम देता था। सीओ सिटी ने आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई।