पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों फ्लेक्सी फंड के जरिए पोषक तत्वों से भरपूर आहार दिए जाने की व्यवस्था की गई है। जिले में 1266 परिषदीय विद्यालयों में करीब एक लाख से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत बच्चों को दोपहर में मेन्यू के अनुसार भोजन भी दिया जाता है। जिसमें दाल, सब्जी, रोटी व अन्य चीजों को शामिल किया गया है।
अब इस योजना के तहत बच्चों को हर बृहस्पतिवार को चिक्की, गजक, बाजरे अथवा चौलाई का लड्डू या भुना हुआ चना देने का निर्णय लिया गया है। यह योजना नवंबर से मार्च 2025 तक जारी रहेगी। जिसके लिए प्रति बच्चा पांच रुपये की लिमिट जारी की गई है। मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण की और से कुल बजट का पांच फीसदी फंड का प्रयोग फ्लेक्सी फंड के तहत किए जाने की व्यवस्था की गई है। जिसमें उपलब्धता के आधार पर मूंगफली की चिक्की, गजक, बाजरे अथवा चौलाई का लड्डू या भुने हुए चने हर छात्र को कम से कम पचास ग्राम दिए जाएंगे। जिला समन्वयक मिड डे मील मनोज कुमार ने बताया कि शासन की ओर से निर्देश प्राप्त हो गए हैं। नवंबर माह से सभी स्कूलों में इसकी व्यवस्था शुरू करा दी जाएगी।