लखनऊ में पेट्रोल पंपों पर चिप लगाकर पेट्रोल चोरी का खुलासा होने के बाद बाट-माप एवं विधि विज्ञान विभाग सक्रिय हो गया। विभागीय अफसरों ने आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की। सेल पर्चियों को देखा। माप चेक किए। इस दौरान पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
शनिवार की शाम बाट-माप के वरिष्ठ निरीक्षक विमलेश क़ुमार सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम ने पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की। सबसे पहले विभागीय अफसर शहर के आजाद मार्ग स्थित राणा फिलिंग स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने सेल पर्ची देखी। तौलने के यंत्र चेक किए। तेल डलवा रहे ग्राहकों से जानकारी की।
इसके बाद बाट-माप निरीक्षक टीम के साथ परफेक्ट फ्यूल सेंटर पर पहुंचे। काफी देर तक चेकिंग की। यहां से टीम देहात थाना क्षेत्र के श्रद्धा पेट्रोल पंप तथा चहल किसान सेवा केंद्र पर चेकिंग की। टीम ने काफी देर तक सेल पर्चियों को देखा। माप चेक किए। घटतौली देखी।
इसके बाद जोया में जाकर जोया फिलिंग स्टेशन पर चेकिंग की। बाट-माप निरीक्षक ने बताया कि पहले दिन चेकिंग में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि निरंतर चेकिंग की जाएगी। ग्राहकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
बताते चलें कि लखनऊ में रिमोट डिवाइस से पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल चोरी करने के आरोप में एसटीएफ ने सात पर रिपोर्ट दर्ज की है। पेट्रोल पंप मालिकों एवं मैनेजर समेत 23 लोग गिरफ्तार किए हैं। लखनऊ में पेट्रोल चोरी का खुलासा होने के बाद बाट-माप विभाग सक्रिय हो गया है।