अमरोहा। साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर बाइक बेचने का झांसा देकर पॉलिटेक्निक के छात्र से 66 हजार रुपये ठग लिए। रुपये देने के बाद भी जब बाइक नहीं मिली तो छात्रों को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के अहरोला अहमदयार खां निवासी सोमपाल सिंह बेटा सचिन कुमार पॉलिटेक्निक का छात्र है। कुछ दिन पहले सचिन कुमार की इंस्टाग्राम आईडी पर साइबर ठगों ने स्पेंडर बाइक का फोटो भेजा। फोटो के कैप्शन में बाइक की बिक्री और मोबाइल नंबर दर्शाया गया था। सचिन कुमार को बाइक की जरूरत थी, इसलिए उसने इंस्टाग्राम पर मिले मोबाइल नंबर पर कॉल की। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को गाजियाबाद के लालकुआं पुलिस चौकी के पास रहने वाले कुनाल चौधरी पुत्र सतीश चौधरी बताया। इस दौरान सचिन कुमार और कुनाल चौधरी के बीच बाइक 20 हजार रुपये में तय हो गई। तभी कुनाल चौधरी ने बाइक के रुपये खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा। छात्र सचिन कुमार आरोपी कुनाल चौधरी की मंशा को भाप नहीं सका। उसने अलग-अलग तारीखों में रुपये गूगल पे कर दिए। बाइक केवल बीस हजार रुपये में तय की गई थी, लेकिन साइबर ठगों ने उससे 66298 रुपये ठग लिए। इसके बाद भी पीड़ित को न तो बाइक मिली और न उसके रुपये वापस मिले। अब आरोपी 10 हजार रुपये और खाते में डालने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी आदित्य लांग्हे से की। जिसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।