अमरोहा। जनपद में 17 फरवरी से सीबीएसई और 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। बोर्ड परीक्षार्थियों को आत्मविश्वास रखते हुए स्वयं को परीक्षा तक तैयार रखना है। बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले परीक्षार्थी तनावपूर्ण हो जाते हैं। बच्चों के मन में डर, घबराहट और असफल होने के विचार बार-बार आते हैं लेकिन यह समय घबराने का नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने का है। घबराए नहीं... समझदारी से तैयारी कर परीक्षा दें, जो भी अब तक पढ़ा और समझा है, उसी को दोहराना सबसे फायदेमंद रहता है। छोटे नोट्स, फार्मूले, परिभाषाएं और महत्वपूर्ण बिंदुओं का अभ्यास करें।
जीआईसी के प्रधानाचार्य ललित कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान निगेटिव सोच नुकसानदायक होती है। याद रखें, परफेक्ट तैयारी नहीं, पर्याप्त तैयारी भी अच्छे अंक दिला सकती है। परीक्षा के समय फेल हो जाऊँगा, सब भूल जाऊंगा जैसे विचार आना आम है। ये विचार सच्चाई नहीं हैं। यदि नींद में फेल होने के सपने आएं तो घबराएं नहीं।
अभिभावक अपने बच्चों की तुलना दूसरों से न करें। बार-बार परिणाम की बात न करें और ताने देने से बचें। सिर्फ इतना कहना काफी है कि चिंता मत करो। सब अच्छा होगा। हम तुम्हारे साथ हैं। ऐसा कहकर प्रोत्साहित करें। जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड, सीबीएसई और यूपी बोर्ड परीक्षार्थी वही अध्याय और प्रश्न दोहराएं, जो पिछले वर्षों में बार-बार पूछे गए हैं। जिन टापिक से अधिक अंक आते हैं, उन्हीं पर ध्यान केंद्रित करें।
पढ़ते समय घबराहट नहीं बढ़ाएं। चार सेकंड सांस लें, चार सेकंड रोकें, चार सेकंड छोड़ें। कुछ ही देर में मन शांत होने लगेगा। परीक्षा के दिन प्रश्नपत्र देखकर घबराना स्वाभाविक है। पहले वही प्रश्न हल करें जो आसान लगें। लिखना शुरू करते ही दिमाग सक्रिय हो जाता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। बोर्ड परीक्षा जीवन का अंतिम फैसला नहीं होती। यह सिर्फ ज्ञान का मूल्यांकन है, इंसान की काबिलियत का नहीं। डर होना कमजोरी नहीं है। कोशिश करना ही सफलता की पहली सीढ़ी है। सब ठीक होगा। यह सकारात्मक सोच रखते हुए बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल हों।
-
सीबीएसई की परीक्षाएं आज से 10 केंद्रों पर, 8250 विद्यार्थी होंगे शामिल
अमरोहा। जिले में सीबीएसई की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। 10 केंद्रों पर आयोजित होने वाली सीबीएसई की परीक्षा में 8250 विद्यार्थी शामिल होंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नकल विहीन कराने के लिए कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। कक्षा 10 की गणित विषय की परीक्षा होगी।
सीबीएसई के डिस्टि्रक्ट कोऑर्डिनेटर राहुल अग्रवाल ने बताया कि सीबीएसई की परीक्षाओं के लिए जनपद में 10 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें सेंट मैरी कांवेंट स्कूल गजरौला, ब्लू बर्डस इंटरनेशनल स्कूल धनौरा, द आर्यंस स्कूल जोया, लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी अमरोहा, आरके पब्लिक स्कूल अमरोहा, हिल्टन कांवेंट स्कूल अमरोहा, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल अमरोहा, एमएस पब्लिक स्कूल धनौरा, नोबल पब्लिक स्कूल गजरौला, एचएसएस पब्लिक स्कूल हसनपुर शामिल हैं। परीक्षा में जनपद भर में हाईस्कूल के करीब 4530 व इंटरमीडिएट के 3720 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी।