अमरोहा। सीबीएसई की मुख्य विषय की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा से 24 ने मुंह मोड़ लिया। परीक्षा के लिए छात्रों ने तैयारी की थी, पेपर भी आसान रहा। इसके चलते उन्हें अच्छे नंबर आने की उम्मीद है। वहीं, एक परीक्षा केंद्र के गेट पर विलंब से पहुंचने पर हाईस्कूल की छात्रा को दाखिला नहीं मिला। उसने काफी मिन्नतें कीं, लेकिन केंद्र व्यवस्थापक ने परीक्षा में शामिल करने से इनकार कर दिया। उसने डीएम उमेश मिश्र को अवगत कराया है।
जिले में सीबीएसई बोर्ड के छह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से शुरू हुई। गेट के बाहर छात्रों की तलाशी ली गई। लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी, आरके पब्लिक स्कूल और हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल समेत सभी केंद्रों में हाईस्कूल के इंफोटेक की विषय में 1089 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिसमें 1078 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 11 ने परीक्षा छोड़ दी। इसके अलावा इंटर की पेंटिंग में 216 छात्र छात्राओं का पंजीयन था, जिसमें तीन छात्र-छात्राएं नहीं आए। 213 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इसके अलावा नौगांवा सादात के बंगला मोहल्ले की रहने वाली मोबीन फातिमा हाईस्कूल की छात्रा है। आरके पब्लिक स्कूल में परीक्षा केंद्र है। वह गुरुवार को सुबह लगभग 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंची। विलंब होने से उसका दाखिला नहीं होने दिया गया। इसके बाद उसके पिता ने फरियाद की लेकिन परीक्षा में शामिल नहीं किया गया।