हसनपुर की मंडी समिति प्रथमा बैंक में हुए करोड़ों के घोटाले के मामले में सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को घोटाले में फंसे आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। सीबीआई की चार टीमों में शामिल 40 अधिकारियों ने जिले के सैदनगली, हसनपुर व मंडी धनौरा स्थित चार अभियुक्तों के यहां छापा मारकर कुछ कागजात बरामद किए हैं। वहीं, सीबीआई ने किसी आरोपी की गिरफ्तारी होने की बात से इंकार किया।
प्रथमा बैंक की मंडी समिति शाखा के तत्कालीन प्रबंधक विपिन कुमार पर आरोप है कि उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर किसान क्रेडिट कार्ड की धनराशि को एसओडी और पीबारसीसी खातों में ट्रांसफर किया था। जबकि निर्धारित सीमा से ज्यादा धनराशि एसओडी खातों से निकालकर परिजनों के खाते में भेजकर करीब 14.54 करोड़ का घोटाला कर दिया था। 13 नवंबर 2017 को घोटाला उजागर होते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
घोटाले की पुष्टि होने के बाद आरोपी प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। तीन मार्च को सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में आरोपी बैंक प्रबंधक विपिन कुमार समेत नौ अधिकारी कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में शुक्रवार की सुबह सीबीआई की टीम दो गाड़ियों से सैदनगली पहुंची।
जहां टीम ने बैंक प्रबंधक के घर छापा मारा। टीम दिनभर घर में छानबीन करती रही। देर शाम टीम के पांच सदस्य घर से बाहर निकले। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सीबीआई की टीम आई है इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस से किसी तरह की मदद नहीं मांगी गई। सीबीआई ने इस घोटाले में विपिन कुमार तत्कालीन शाखा प्रबंधक, प्रथमा बैंक, नवीन कुमार शर्मा सहायक प्रबंधक सौबीर सिंह, आफिस अटेंडेंट, जितेंद्र शर्मा, ब्रांच फेसलेटर, राजवीर सिंह, मीना, भूपेंद्र सिंह समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।