गांव जगुवा खुर्द में चोरों ने सोमवार रात किसान के घर में घुसकर नकदी-जेवर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। आरोप है कि सूचना पर पुलिस तो पहुंची, लेकिन खानापूर्ति कर ली लौट गई। इस पर भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों व गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया।
उन्होंने जमकर हंगामा किया। जल्द चोरी की घटना का खुलासा नहीं होने पर पांच जुलाई को हाईवे जाम कर आंदोलन की चेतावनी दी। पुलिस ने गुस्साए किसानों का शांत किया और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रजबपुर क्षेत्र के गांव जगुवा खुर्द में किसान अंकुर सिंह का परिवार रहता है। सोमवार रात अंकुर परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाकर सोए थे। रात में किसी समय चोर घर में घुस आए और अलमारी में रखे नकदी, सोने-चांदी के जेवर व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह हुई। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, खानापूर्ति कर ली लौट गई। इसके बाद किसान अंकुर सिंह ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के कारण किसानों का गुस्सा भड़क गया। भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष दानवीर सिंह के नेतृत्व में किसान थाने पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर लिया। भाकियू नेता दानवीर सिंह ने थाने से ही एसपी अमित कुमार आनंद से फोन पर बात की। कहा कि क्षेत्र में रोजाना चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
इस पर एसपी ने जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि चोरी की घटना का पांच जुलाई तक खुलासा हो जाना चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो संगठन पदाधिकारी पांच जुलाई को हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान अमित, सर्वेश सिंह, जयवीर सिंह, अरविंद सिंह, महेश, दिनेश सिंह, पप्पू सिंह, राजवीर सिंह, धर्म सिंह, अनुज, बबलू, रिंकू सिंह, सोनू, शेखर सिंह, जसपाल सिंह आदि मौजूद रहे।