शिया धर्मगुरु मौलाना मुजतबा को जान से मारने की धमकी के मामले में नौगांवा सादात पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसपी के आदेश पर दर्ज हुए केस की जांच साइबर सेल के साथ थाना पुलिस ने शुरू कर दी है।
नौगावां सादात के मोहल्ला शाहफरीद निवासी शिया धर्मगुरु व उलमा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना कोकब मुजतबा ने पिछले दिनों पीएफआई और आतंकवाद के खिलाफ कांफ्रेंस और जलसे आयोजित किए थे जिसमें मौलाना ने केंद्र सरकार के कार्यों की तारीफ की थी।
मौलाना कोकब मुजतबा का आरोप है कि 27 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें मुसलमान विरोधी बताते हुए धमकी देना शुरू कर दिया था। भाजपा और आरएसएस का समर्थन करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारी प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हमें सब मालूम है कि आप कहां जाते हैं, कहां बैठते हैं। आरएसएस व भाजपा के एजेंट न बनें। क्या मोदी, क्या अमित शाह। सुधर जाएं, वरना आपका पता नहीं चलेगा। तुम्हारा अंजाम बुरा होगा। धमकी देने वाले ने किसी आतंकी संगठन का नाम तो नहीं लिया था।
धमकी मिलने के बाद मौलाना कोकब ने अपने आगामी सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। इस मामले में उन्होंने एसपी आदित्य लांग्हे को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच साइबर सेल और थाना पुलिस कर रही है। जल्द की मामले में कार्रवाई की जाएगी।