Tent of devotees started setting up in Tigri Ganga fair
- फोटो : GAJRAULA
कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहे गंगा मेले में स्नान कर पुण्य लाभ कमाने के लिए श्रद्धालुओं के काफिले तिगरी मेले में पहुंचने लगे हैं। गजरौला-तिगरी मार्ग श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रालियों से भरा रहा।
तिगरी गंगा मेला देवोत्थान एकादशी पर शुरू होगा जिसके दो दिन अभी हैं, लेकिन पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाने के लिए गंगा मैया की आस्था उनको तिगरी तट की तरफ खींच रही है। श्रद्धालुओं ने गंगा की तरफ रुख कर दिया। ट्रैक्टर ट्रॉलियों में साजो सामान को एकत्र कर परिवार सहित श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए घर से निकल पड़े।
मंगलवार को तिगरी-गजरौला मार्ग श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भरा रहा। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तिगरी की तरफ जाते रहे। इस कारण गजरौला से तिगरी तक कई बार जाम के हालात बने। तिगरी गंगा मेले में पहुंच कर श्रद्धालुओं ने अपने शिविर लगाए। अधिकांश शिविर सेक्टर 12 और 13 में लग रहे हैं। मंगलवार को तिगरी गंगा मेले में अधिकांश श्रद्धालु संभल क्षेत्र से ही पहुंचे। उधर व्यवस्था पूर्ण करने का दावा करने वाला प्रशासन श्रद्धालुओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है। सेक्टरों में नल और बिजली का प्रबंध नहीं किया गया।