गजरौला (अमरोहा)। गांव सादुल्लेपुर में तालाब की खोदाई करा रही महिला प्रधान के साथ गांव के कुछ लोगों ने अभद्रता कर दी। ग्राम प्रधान पति को गोली मारने की धमकी दी। पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव सादुल्लेपुर में शुक्रवार को एसडीएम हसनपुर के निर्देश पर तालाब की खोदाई की जा रही थी। लेखपाल और पुलिस कर्मी मौजूद थे। ग्राम प्रधान बवीता देवी का कहना है कि जब तक लेखपाल और पुलिस मौके पर रहे, तब तक खोदाई का काम शांतिपूर्ण चलता रहा। लेखपाल और पुलिस के जाने के बाद ही गांव के कुछ लोगों ने खोदाई का विरोध शुरू कर दिया और उनके साथ अभद्रता की। साथ ही उनके पति को गोली मारने की धमकी दी। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने पूरन, छत्रपाल व उसके दो बेटे कृष्णा और कोशिंदर, उर्मिला पत्नी राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।