गजरौला(अमरोहा)। हाईवे पर घने कोहरे में दिल्ली की दिशा से आ रही कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। गनीमत रही कि गति कम होने के कारण कार में सवार दिल्ली के व्यापारी का परिवार बाल-बाल बच गया। हालांकि चालक मामूली रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के कारण लगभग एक घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे।
शनिवार की सुबह लगभग पांच बजे यह हादसा हाईवे पर गांव शहबाजपुर डोर के पास हुआ। छजलैट निवासी असगर अली दिल्ली से ट्रक में सामान लादकर मुरादाबाद जा रहा था। बताते हैं कि सुबह घना कोहरा होने के कारण उसने अपना ट्रक हाईवे पर एक ढाबे के बाहर सड़क पर खड़ा कर दिया और चाय पीने चला गया। इसी दौरान कोहरा अधिक होने के कारण दिल्ली की दिशा से आ रही क्वालिस कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। बताते हैं कि दिल्ली के चावड़ी बाजार निवासी व्यापारी धर्मेश दत्ता अपनी पत्नी मोहिनी दत्ता और पुत्री निहारिका के साथ नैनीताल जा रहे थे। कार उनका चालक विक्रम पुत्र सतेंद्र निवासी गाजियाबाद चला रहा था। गनीमत रही कि कार की गति कम होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि कार चालक विक्रम मामूली रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के कारण हाईवे पर जाम के हालात बन गए और लगभग एक घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।