अमरोहा। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शुक्रवार से जिले में सघन अभियान चलाया जाएगा। आशा, आंगनबाड़ी वर्कराें और पंचायत सहायक अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में ऐसे लोगों की पहचान करेंगे, जिनके कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। फिलहाल जिले में 18,538 बुजुर्गों के ही आयुष्मान कार्ड बन पाए हैं।
शासन के निर्देश हैं कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कार्ड पहले से बन रहे थे, लेकिन अब अभियान चलाकर प्रक्रिया तेज की जाएगी।
अभियान के तहत गांव-गांव जाकर उन बुजुर्गों को चिह्नित किया जाएगा, जिनकी आयु आधार कार्ड में 70 वर्ष या उससे अधिक दर्ज है और जो योजना के पात्र हैं। आधार के माध्यम से ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाना है, जिसके तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध है।
सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल से अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए एक बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें सीडीओ भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष की आयु पार कर चुके हर पात्र बुजुर्ग का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा और इसके लिए संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।