अमरोहा से गाजियाबाद मोहन नगर के लिए बस सेवा शुरू
अमरोहा। अमरोहा से गाजियाबाद मोहन नगर के लिए बस सेवा को नियमित कर दिया गया है। इससे स्थानीय यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा। यह बस हाईवे से न होकर शहरों के अंदर से होकर जाएगी। इसके लिए परिवहन निगम अमरोहा से वाया मुरादाबाद दिल्ली तक नई बस सेवा शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।
फिलहाल अमरोहा से गाजियाबाद के मोहन नगर तक बस सेवा ट्रायल के तौर पर संचालित की जा रही है, लेकिन इसे अब नियमित कर दिया गया है। यह बस सुबह सात बजे अमरोहा डिपो से चलेगी और जोया, गजरौला, गढ़, सिंभावली हापुड़ होते हुए गाजियाबाद मोहन नगर तक जाएगी। अब तक अधिकांश बसें हाईवे से गुजरने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई होती थी, जिसे यह सेवा काफी हद तक दूर करेगी।
इसके अलावा दूसरी बस सेवा वाया मुरादाबाद दिल्ली के लिए भी शुरु करने की तैयारी की जा रही है। यह बस अमरोहा डिपो से रात में आठ बजे चलेगी। इससे मुरादाबाद जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। क्योंकि रात में अमरोहा से मुरादाबाद जाने के लिए कोई बस नहीं है।
एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि गाजियाबाद के मोहन नगर तक की बस को नियमित कर दिया गया है। यह बस शहरों के अंदर से निकलेगी। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। क्योंकि हाईवे से जाने वाली बस सवारियों को हाईवे पर ही उतार देती है। संवाद