अमरोहा। दिव्यांगजनों का चिह्नांकन और कृत्रिम सहायक उपकरण का वितरण मंगलवार केे हुआ। विकास भवन परिसर में दूसरे दिन चार लोगों को सहायक उपकरण दिए गए। जिसमें तीन को कृत्रिम पैर और एक दिव्यांग जन केे कृत्रिम हाथ दिया। इसके बाद दिव्यांगजन अपने घर को लौट गए। शिविर का आयोजन छह फरवरी तक चलेगा।
सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने बताया कि दिव्यांगजनों का चिह्नांकन किया जा रहा है। दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी मौके पर बनवाए जा रहे हैं। इसके लिए दिव्यांगजन को केवल आधार कार्ड लेकर आना होगा। उन्होंने बताया कि हाथ की कोहनी, कंधा से हाथ कटने पर कृत्रिम हाथ और पैर के घुटने या जांघ से पैर कटने पर कृत्रिम पैर, पैरों में पोलियो पर कैलीपर, हाथ की कोहनी के आस पास हड्डी फैक्चर होने पर बेल्ट, कमर और कूल्हा के आसपास हड्डी फैक्चर होने पर बेल्ट दिया जाना है। उन्होंने कहा कि चिह्नांकन के बाद सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन शिविर में आएं। मेडिकल टीम की संस्तुति के बाद कृत्रिम सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।