हसनपुर के त्रिमूर्ति आश्रम पर नायब तहसीलदार को ज्ञापन देते सनातन धर्म से जुड़े लोग। संवाद
हसनपुर। सनातन संस्कृति परिषद के राष्ट्रीय प्रमुख महामंडलेश्वर स्वामी हर मनोज दास के नेतृत्व में रविवार को गांव मनौटा मछरई स्थित त्रिमूर्ति शेषनाग धाम के प्रांगण में बांग्लादेश में हो हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार एवं हत्याओं के विरोध में पहले सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार मनोेज कुमार को सौंपा गया।
ज्ञापन में स्वामी हर मनोज दास ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हो रहे हमले, जबरन धर्मांतरण, मंदिरों में तोड़फोड़, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार एवं जान-माल की असुरक्षा की घटनाएं निरंतर सामने आ रही हैं। ये घटनाएं न केवल मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन हैं, बल्कि क्षेत्रीय शांति और सभ्यता के मूल्यों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे में भारत से पीड़ित हिंदुओं की सुरक्षा, सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त कूटनीतिक पहल, बांग्लादेश सरकार से ठोस संवाद, आवश्यक मानवीय सहायता की अपेक्षा है। पीड़ितों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो।
इस मौके पर विपिन शर्मा, आरपी शर्मा, मदनलाल शर्मा, बबलू, ब्रजपाल सिंह, सुनील चौहान, गौरव गोस्वामी, अशोक चौहान, अतुल राजपूत, जयशरण सिंह, यश चौहान, आयुष चौहान, अमन सैनी आदि रहे।