हसनपुर में बांग्लादेश का पुतला फूंकते भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता। संवाद
हसनपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के विरोध में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने रविवार की दोपहर को अतरासी चौराहे पर इकट्ठा होकर बांग्लादेश की सरकार का पुतला फूंका। बांग्लादेश हाय-हाय के नारे लगाए गए।
जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शर्मा ने कहा कि बांग्लादेश में यूनुस सरकार के बनते ही वहां पर रहने वाले अल्पसंख्यक दलित हिंदू समाज के लोगों पर जुल्म और ज्यादती, आगजनी और नृशंस हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन भीड़ द्वारा पीट-पीटकर और आग लगाकर की गई दलित हिंदू युवाओं की हत्या की घटना से पूरा विश्व दुखी है। बांग्लादेश पर उसे फायदा पहुंचाने वाले भारत से जुड़े व्यापार पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।
मांग है कि उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर ही केंद्र सरकार द्वारा संसद में निंदा प्रस्ताव पास कराते हुए भारत की ओर से दी जाने वाली हर प्रकार की सप्लाई रोकी जाए। आगे इस प्रकार के जघन्य हत्याकांड नहीं रोके जाने और अल्पसंख्यक हिंदू समाज की सुरक्षा न किए जाने की स्थिति में सैनिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी जारी की जाए।
यहां प्रांत महामंत्री महिपाल शर्मा, धर्मपाल सिंह, जगवीर सिंह, शिवकुमार चौहान, मधुर कुमार, अनिल गुप्ता, राजू मिस्त्री, गंगाराम मंत्री, राजीव आदि मौजूद रहे।