नौगांवा सादात (अमरोहा)। बदमाशों ने नौगांवा सादात के जैकेट कारोबारी के व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद से कारोबारी और उनके परिवार के सदस्य दहशत में है। पीड़ित कारोबारी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती में हाजी अनीस का परिवार रहता है। हाजी अनीस पेशे से जैकेट कारोबारी है। वह मोहल्ले में ही कारखाना चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह उनके व्हाट्सएप पर किसी ने अंजान नंबर से संदेश भेज कर एक लाख रुपये की डिमांड की। इतना ही नहीं रुपये बिजनौर भेजने के लिए कहा है। किसी भी तरह की धोखाधड़ी करने पर जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी ने कारोबारी को परेशान कर अंजाम भुगतने करने की धमकी दी। स्पष्ट कहा कि अगर उसने कोई बवंडर किया तो उसका बवंडर कर देगा। लगातार धमकी भरे संदेश मिलने के बाद कारोबारी सहम गया है।
उन्होंने ये बात अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बताई। बाद में कुछ कारोबारी के साथ थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी। धमकी मिलने के बाद से कारोबारी हाजी अनीस और उनके परिवार के सदस्य दहशत में है। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल नंबर की लोकेशन और सीडीआर निकलवाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।