अमरोहा। नगर कोतवाली क्षेत्र में कहासुनी के बाद दबंगों ने कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मोहल्ला नौबतखाना निवासी आसिफ अली कारोबारी है। उनका आरोप है कि तीन अप्रैल को मोहल्ला घेर पच्छिया निवासी सालिक से कहासुनी हो गई थी। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच नगर कोतवाली में समझौता भी हो गया था। आरोप है कि अगले ही दिन शनिवार की शाम करीब 4:30 बजे जब वह अपने कारखाने पर मौजूद थे, तभी सालिक अपने साथियों शारिक, तैयब, अयान और करीब दस अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गया। सभी ने मिलकर आसिफ अली घेर लिया और लात-घूंसों, डंडों तथा लोहे की रॉड से जमकर मारपीट की।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे हमलावरों से बचाया। घटना में आसिफ अली को गंभीर चोटें आईं। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में सालिक, शारिक, तैयब, अयान और दस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।