अमरोहा। परिवहन निगम ने एक फरवरी से अमरोहा डिपो से मथुरा के लिए शाम चार बजे बस चलाने का फैसला लिया है। यह बस रोजाना शाम को गजरौला, हसनपुर, अनूपशहर, अलीगढ़ होते हुए मथुरा पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह छह बजे मथुरा से अमरोहा के लिए रवाना होगी। परिवहन विभाग की इस पहल से कान्हा की नगरी के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं व अन्य यात्रियों को फायदा मिलेगा। विभागीय अधिकारियों ने रूट का सर्वे करके किराया भी निर्धारित कर दिया है।
अमरोहा डिपो से बिजनौर, देहरादून, मुरादाबाद, मेरठ, दिल्ली, बरेली और संभल के लिए बसों का संचालन होता है। बीते तीन सालों में नौगांवा सादात से दिल्ली, अमरोहा से सोनीपत, मथुरा व आगरा के लिए भी बसों का संचालन हुआ। इसके अलावा विभाग ने 19 जून 2025 को अमरोहा डिपो से जल्द ही ग्रेटर नोएडा के परी चौक के लिए बस का संचालन शुरू किया था, लेकिन यह व्यवस्था यात्रियों के अभाव में ठप हो गई। इसके अलावा विभाग ने 25 सितंबर 2024 को आगरा के लिए एक बस के संचालन का फैसला लिया। यह बस रोजाना दोपहर ढाई चार बजे आगरा के लिए रवाना होती है जिसका रूट अमरोहा डिपो से गजरौला, हसनपुर, गवां, अनूपशहर, अलीगढ़ होते हुए निर्धारित है। इसके अलावा एक बस अमरोहा से हसनपुर और गंगानगर पुल से होते हुए बुलंदशहर स्याना के लिए बस शुरू की गई। एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि एक फरवरी से डिपो से एक बस अमरोहा डिपो से मथुरा के लिए चलाने की तैयारी है। यह बस शाम को रोजाना 4 बजे अमरोहा डिपो से मथुरा के लिए निकलेगी। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली हैं।