अमरोहा। परिवहन निगम शिवभक्तों के लिए अमरोहा डिपो से सीधे हरिद्वार के लिए बस सेवा शुरू करेगा। रोडवेज डिपो से सुबह छह से दस बजे तक हर आधे घंटे में हरिद्वार के लिए बस मिलेगी। इसके बाद शिवभक्तों की संख्या के आधार पर रोडवेज बसों का संचालन होगा। इसके लिए प्रतिदिन 20 से 25 बसें रिजर्व रखी जाएंगी। इससे हरिद्वार जाने वाले शिवभक्तों की राह आसान होगी।
डिपो पर कांवड़ियों के पहुंचते ही बसों को हरिद्वार के लिए संचालित कर दिया जाएगा। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर डिपो पर 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी।फाल्गुन महाशिवरात्रि 15 फरवरी को है। महाशिवरात्रि पर जिले के शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। हर साल की तरह परिवहन निगम इस बार भी बसों का संचालन शिवभक्तों के लिए किया जाएगा। हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए आठ फरवरी से शिवभक्त जाने लगेंगे।
एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि हरिद्वार को वर्तमान में प्रतिदिन सुबह छह बजे से दस बजे तक छह बस रवाना की जा रही हैं। शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए कर आधा घंटे में बस हरिद्वार के लिए भेजी जाएगी। महाशिवरात्रि पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। डिपो में 35 से 40 कांवड़िये पहुंचते ही हरिद्वार के लिए बस संचालित होगी। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 24 घंटे बस सेवा डिपो पर उपलब्ध रहेगी।