रहरा (अमरोहा)। पौरारा गंगा तट बांध पर दिल्ली जा रही सवारियों से भरी निजी बस रविवार सुबह लगभग सात बजे अनियंत्रित होकर बांध से नीचे पलट कर नजदीक के खेत में गिर गई। हादसे होते ही सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 25 यात्री मामूली रूप से जख्मी हो गए। बाद में सभी यात्री दूसरे साधनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
यह हादसा रहरा थानाक्षेत्र में गांव दढ़ियाल से दिल्ली के लिए निजी बसों का संचालन होता है। रोजाना तीन बस दिल्ली के लिए जाती है। सोमवार की सुबह करीब सात बजे बस का चालक जाकिर बस लेकर दढ़ियाल से दिल्ली के लिए चला था। इसमें 40 यात्री सवार थे। जैसे ही बस पौरारा से गंगा बांध वाली सड़क पर चढ़ने के बाद ब्रजघाट मोहम्मदाबाद की दिशा में आगे बढ़ी, तभी गांव मंगटा के नजदीक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गंगा बांध से नीचे उतर गई और खेत में जाकर पलट गई। इस दौरान हाईटेंशन लाइन का खंभा भी बस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि पूरी तरह से नहीं गिरा अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। बस के पलटते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 25 यात्री मामूली रूप से जख्मी हो गए, जो खुद ही बस से निकलकर गंतव्य की ओर चले गए। कुछ ने निजी चिकित्सक के यहां मरहम पट्टी भी कराई। फिलहाल इस मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह का कहना है कि क्षेत्र में बस पलटने के मामले की जानकारी नहीं है। कोई सूचना इस तरह की प्राप्त नहीं हुई है यदि ऐसा हुआ है तो जांच पड़ताल कराई जाएगी।