नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक मारुति वैन आग का गोला बनकर दौड़ी। जिससे कांवड़ियों की वजह से वनवे रोड होने के कारण दिल्ली और मुरादाबाद की ओर से आ रहे वाहनों के पहिये थम गए। आग देख चालक वैन को किनारे खड़ा करके फरार हो गया। पुलिस ने दमकल बुला ली। दमकल ने आग पर काबू पाया। करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा।
हुआ यूं कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक मारुति वैन डीएल-8 सीडी-6865 मुरादाबाद की ओर से आ रही थी। अचानक वैन के पिछले हिस्से में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ दूर तक तक आग लगी वैन दौड़ती रही। आग की लपटें तेज हुई तो चालक और वैन सवार लोग हाइवे पर मैकडी के निकट स्थित रिलायंस पेट्रोल पम्प के सामने दूसरी ओर सड़क किनारे वैन छोड़ कर भाग निकले।
वैन को धू-धू कर जलता देख हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन अधिकारी भूदेव शर्मा भी टीम के साथ पहुंच गए। दमकल ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। तब तक वैन खाक हो गई।