घटना रजबपुर क्षेत्र के गांव पीपली कलां की है। गांव निवासी राजवीर सिंह व उनकी पत्नी सुषमा की गांव में ही सफाईकर्मी के पद पर तैनाती है। 17 मार्च सुबह सुषमा गांव में नाली की सफाई कर रही थी। आरोप है कि तभी गांव के रहने वाले फुरकान, मरदान, शाने आलम, मोनू, सालिम व रियाजुल नाली पर पड़े स्लैब काे उठाकर सफाई करने का दबाव बनाया।
सुषमा ने स्लैब वजनी होने कहा तो सभी ने एकराय होकर सफाई कार्य का विरोध कर मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को बचाने आए राजवीर सिंह को भी मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए पति-पत्नी को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।